प्रेसवार्ता में बोलते जयकरन वर्मा।
लखनऊ। सरदार पटेल स्वाभिमान महासंघ की ओर से बुधवार को सहकारिता भवन में बैठक और प्रेसवार्ता हुई। इसमें पटेल समाज के लोगों ने दिल्ली में सरदार पटेल का स्मारक बनाने की मांग की। अक्तूबर या नवंबर के पहले सप्ताह में रमाबाई अंबेडकर मैदान में पटेल व कुर्मियों के स्वाभिमान व सम्मान के लिए प्रदेशस्तरीय रैली के आयोजन की बात भी कही।
पटेल समाज के जयकरन वर्मा ने कहा कि भारत रत्न लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल को देश की अखंडता, किसानों की मजबूती और एकता के लिए जाना जाता है। आज देश में पटेल के विचारों, सिद्धांत और त्याग को मिटाने की कोशिश की जा रही है। पटेल स्वाभिमान महाकुंभ के बैनर तले महासंघ के लोग गांव-गांव जाएंगे। लोगों के सामने पटेल के विचारों को रखेंगे। कहा कि समाज को जनसंख्या और योगदान के अनुसार सम्मान व भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने सरदार पटेल स्टेडियम का नाम बदलने पर नाराजगी भी जताई। बैठक का संचालन रामशंकर वर्मा ने किया। (संवाद)