यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अब एक साल से भी कम का समय बचा है। इसके साथ ही प्रदेश में दलित वोटों को लेकर रस्सकसी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर ‘बाबा साहेब वाहिनी’ के गठन का एलान किया है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को सक्रिय कर असमानता-अन्याय को दूर करने व सामाजिक न्याय के समतामूलक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए, हम उनकी जयंती पर जिला, प्रदेश व देश के स्तर पर सपा की ‘बाबा साहेब वाहिनी’ के गठन का संकल्प लेते हैं।
बता दें कि इसके पहले अखिलेश यादव ने 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर दलित दीवाली मनाने का ऐलान किया था।
उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि भाजपा के राजनीतिक अमावस्या के काल में वो संविधान खतरे में है, जिससे बाबासाहेब ने स्वतंत्र भारत को नयी रोशनी दी थी इसलिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती, 14 अप्रैल को समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश, देश व विदेश में ‘दलित दीवाली’ मनाने का आह्वान करती है।