लखनऊ। राजाजीपुरम स्थित सपना कॉलोनी निवासी सेल्समैन मनीष श्रीवास्तव (30) ने सोमवार सुबह ई ब्लॉक में एक मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मनीष के पिता इंद्र बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि बेटा लालबाग में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान पर सेल्समैन था। वह एक माह से काम पर नहीं जा रहा था। बेटा अधिक शराब पीने लगा था। इस बात से नाराज होकर 20 दिन पहले बहू उसे छोड़ कर चली गई थी। उन्होंने बताया कि इससे मनीष डिप्रेशन में आ गया था। मनीष सुबह छह बजे घर से पैदल निकले थे और एक किलोमीटर दूर ई ब्लॉक पहुंच गया। स्थानीय लोगों के मुताबकि काफी देर तक मोहल्ले में टहलने के बाद केपी सिंह के घर में घुस गया। केपी सिंह की बहू नीतू सिंह ने बताया कि जेठानी मनीष को छत पर जाते देक चीख पड़ी। उन्होंने रोकने की कोशिश की लेकिन मनीष ने उन्हें चुप करा दिया और छत पर चले गए।
रोकने पर हो गए आक्रामक
नीतू ने बताया कि पति शरद और जेठ अमित ने छत पर पहुंचकर मनीष को रोकने का प्रयास किया तो वह आक्रामक हो गए। पति ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच मनीष दो तीन घरों की छत फांद कर पड़ोसी प्रतीक की छत पर पहुंच गए और रेलिंग से लटक गए। लोगों के समझाने पर भी वह नहीं माने और छलांग लगा दी। इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे ने बताया कि घरवालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। अगर वह तहरीर देंगे, तो जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।