लखनऊ। चारबाग में मंगलवार को होटल में निजी कंपनी का सेल्समैन मरणासन्न हालत में पड़ा मिला। साथी कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, वहां उसकी मौत हो गई। उसका हार्ट व विसरा सुरक्षित रखा गया है।
जौनपुर में बक्सा के जगदीशपुर निवासी संजय कुमार (35) युलिका प्रा.लि. कंपनी में सेल्समैन थे। उनके चाचा रमेश के मुताबिक बुधवार को लखनऊ में कंपनी का सेमिनार था। संजय साथी कर्मचारी अभिषेक, संतोष, धीरज, नीरज और रजत के साथ सोमवार रात लखनऊ पहुंचा था। यहां वह नाका स्थित दूध मंडी के पास होटल मयंक में ठहरा था। खाने के बाद संजय ने पत्नी आरती से काफी देर बात की और सो गया। मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे जब साथी कर्मचारी उसे जगाने गए तो वह मरणासन्न मिला। उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।