प्रदेश सरकार ने दशहरा व मुहर्रम की छुट्टी के मद्देनजर सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों को तय समय से पहले वेतन व पेंशन भुगतान का फैसला किया है।
सचिव वित्त मुकेश मित्तल ने बृहस्पतिवार को ही वेतन-पेंशन भुगतान करने का आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश के 21 लाख से ज्यादा कर्मचारियों व पेंशनरों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
मित्तल ने बताया कि 29 व 30 सितंबर को दशहरा, एक अक्तूबर को मुहर्रम व दो अक्तूबर को गांधी जयंती का सार्वजनिक अवकाश है।
इसे देखते हुए सभी राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों व कार्य प्रभारित कर्मचारियों को वेतन का भुगतान 28 सितंबर को करने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों का भुगतान भी 28 सितंबर को ही होगा। अधिकारियों को इस संबंध में कार्यवाही के निर्देश जारी कर दिए हैं।