लेखा विभाग की ढिलाई के कारण करीब एक हजार सफाई कर्मियों की
होली सूनी हो सकती है।
आयकर के चक्कर में लेखा विभाग ने सफाई कर्मियों को
उलझा दिया है। आयकर का ब्यौरा न दाखिल करने के कारण करीब एक हजार सफाई
कर्मियों को अब तक फरवरी का वेतन नहीं मिला है।
आरोप है कि मामले को दबाने
के लिए मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी राजेंद्र सिंह ने बुधवार को सभी
विभागाध्यक्षों को यह आदेश जारी किया है कि उनके विभाग में जिन कर्मचारियों
का वेतन आयकर के कारण फंस गया है उनकी सूची 14 मार्च तक उपलब्ध कराई जाए
ताकि उनको पांच-पांच हजार रुपए होली से पहले दिए जा सकें।
इस
बारे में उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संयुक्त मोर्चा के संजय लाल बाल्मीकि ने
कहा कि लेखा विभाग को होली के मौके पर सफाई कर्मियों को पूरा वेतन जारी
करना चाहिए।
यदि आयकर का झंझट था तो उतना वेतन रोक लिया जाता जितना आयकर
बनता है। महंगाई के इस दौर में पांच हजार रुपये से कर्मचारियों का कोई खास
भला होने वाला नहीं है।