लखनऊ इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब प्रबंधन ने कार्यालय समेत सभी कक्षाओं में ताला लगवा दिया। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने वहां पर रह रहे कर्मचारियों के कमरे के सामान भी फेंक दिया।
कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षक संघ ने इसके विरोध में आंदोलन करने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन काफी संख्या में अज्ञात लोगों के साथ कॉलेज परिसर में दाखिल हुआ और प्रधानाचार्या के कार्यालय समेत सभी कक्षाओं में ताला जड़ दिया।
साथ ही उन लोगों ने सफाईकर्मी प्रमोद कुमार और चौकीदार बिहारी लाल के कमरों से उनका सामान बाहर फेंक दिया। इससे पहले कर्मचारियों ने गुरुवार को प्रबंधक की बहू व बेटे द्वार परिसर में घुसकर अभद्रता, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय और एसएसपी कार्यालय में इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उधर प्रबंधक सरबजीत सिंह ने कर्मचारियों के आरोप को गलत ठहराया है। उनहोंने बताया कि गुरुवार को परिसर में स्थित पेड़ काटे जाने की सूचना मिली थी। वह वहां गए तो चपरासी ने उन्हें घुसने नहीं दिया। शुक्रवार को भी वे गए थे। किसी भी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई। उन्होंने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर सभी कमरों को बंद कर दिया गया है।