सभास्थल व आसपास संघ व विहिप के कार्यकर्ता भी लगाए गए हैं। ये व्यवस्था संभालने में पुलिस का सहयोग करेंगे। एक-एक कार्यकर्ता पर नजर रखने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए खंड कार्यवाह से लेकर विहिप के प्रखंड अध्यक्षों और प्रखंड मंत्रियों से साथ जाने वाले लोगों की फोन नंबर सहित सूची बनवाई गई है। जिला प्रचारकों से कहा गया है कि सभा के बाद वे संघ परिवार के अन्य जिम्मेदार लोगों के साथ आने वालों लोगों की समय से वापसी सुनिश्चित करें।
श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर दर्शन का समय सुबह 7 से 11 और फिर दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक होता है। संघ व विहिप नेतृत्व ने सभा का समय दोपहर 12 से शाम 4-5 का रखा है। लोगों का मुख्य रूप से अयोध्या पहुंचना सुबह 9-10 बजे शुरू होगा। संघ व विहिप के रणनीतिकारों ने टोलियां लेकर आने वालों को पहले से ही आगाह कर दिया है कि साथ आने वालों को सीधे सभास्थल पर लेकर आएं। पार्किंग की व्यवस्था इस तरह बनाई गई है ताकि वहां से लोगों को सीधे सभास्थल ले आया जाए।
धर्मसभा के लिए लखनऊ से जत्थों की रवानगी शनिवार को शुरू हो गई। पहला जत्था विहिप के विभाग मंत्री देवेंद्र मिश्र के नेतृत्व में रवाना हुआ। लखनऊ से 20 जत्थे अयोध्या गए हैं। इन लोगों को मुख्य रूप से वहां धर्मसभा की व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए भेजा गया है। लखनऊ में बंगला बाजार स्थित किला चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, परिवर्तन चौक और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से लगभग 15 हजार लोगों को रविवार को अयोध्या भेजने की तैयारी है। इसके अलावा भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री अभिजात मिश्र के साथ सुबह सात बजे लगभग एक हजार लोगों का जत्था अयोध्या जाएगा।