विहिप की धर्मसभा आज परिक्रमा मार्ग स्थित बड़े भक्तमाल की बगिया में होनी है। इसको लेकर कार्यक्रम स्थल पर पीएसी व सीआरपीएफ के जवानों के साथ सिविल पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से यहा से अयोध्या जाने वाले सभी मार्गों व गलियों में भी बैरिकेडिंग कर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए है। बड़े भक्तमाल की बगिया से बड़ी छावनी होकर हनुमान कुंड व अयोध्या रेलवे क्रॉसिंग मार्ग, कांशीराम कालोनी होते हुए रामघाट चौराहे से अयोध्या प्रवेश मार्ग के अलावा अन्य छोटी-छोटी गलियों पर भी बेरिकेडिंग लगाई गई है।
अयोध्या के हनुमानगढ़ी चौराहा, दीनदयाल मोड़, टेढ़ी बाजार, पुराना बस स्टेशन, अशर्फी भवन समेत कई अन्य छोटे रास्तों पर द्विस्तरीय बेरिकेडिंग लगाकर प्रत्येक पर सैकड़ों की संख्या में पीएसी व पुलिस के हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा हनुमानगढ़ी, कनक भवन, रामजन्मभूमि के आसपास के क्षेत्रों में सीआरपीएफ व एटीएस कमांडो को तैनात किया गया है। शनिवार को श्रीरामजन्मभूमि दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं को समूह में दर्शन करने के लिए नहीं जाने दिया गया, श्रद्धालुओं को पांच-पांच के जत्थे में जाने दिया गया।
अयोध्या में सुरक्षा की कमान एडीजी आशुतोष पांडे ने संभाल ली है। उनके साथ अयोध्या में एसएसपी व एसपी सिटी रहे सुभाष सिंह बघेल को भी लगाया गया है। इसके अलावा फैजाबाद के डीआईजी ओंकार सिंह, एसएसपी जोगेंद्र कुमार भी पल-पल की खबर ले रहे हैं। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि 10 एएसपी, 21 डीएसपी, 160 इंस्पेक्टर, 300 उपनिरीक्षक, 700 कांस्टेबल के साथ-साथ 42 कंपनी पीएसी, 5 कंपनी आरएफ समेत एटीएस कमांडो सुरक्षा को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। इसके अलावा वाटर कैनन, बम व डॉग स्क्वॉयड, दंगा नियंत्रण वाहन के साथ-साथ खुफिया व सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बताया कि शिवसेना व विहिप के कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। बताया कि विवादित स्थल जाने वाले रास्तों पर पडने वाले मंदिर व धरों की छतों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे।
फैजाबाद के डीआईजी ओंकार सिंह ने बताया कि बेरिकेडिंग व सुरक्षा बल लोगों की सुरक्षा के लिए हैं। शहर में आने जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, रातजन्मभूमि दर्शन करने वालों को कहीं नहीं रोका जाएगा, सिर्फ समूह में दर्शन करने जाने नहीं दिया जाएगा। बताया अयोध्या के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए है, इकबाल अंसरी समेत अन्य मुस्लिम नेताओं के आवास व मोहल्लों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी डा. अनिल कुमार ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी, आयोजकों ने शांतिपूर्वक कार्यक्रम करने का आश्वासन दिया गया है।