लखनऊ। गुडंबा के सेक्टर-एच निवासी इंजीनियर प्रकाश पांडेय के घर की चौथी मंजिल में बने कमरे का ताला तोड़कर चोर 10 लाख के जेवर व नकदी साफ कर गए। खटपट की आवाज पर उनके पिता व छोटा भाई ऊपर पहुंचे तो चोर बाहर से दरवाजा बंदकर भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया है।
निजी कंपनी में कार्यरत प्रकाश प्रयागराज में तैनात हैं। उनकी पत्नी रायबरेली के बैंक ऑफ बड़ौदा में काम करती हैं। दोनों वीकेंड पर लखनऊ आते हैं। घर पर पिता गौतम पांडेय पत्नी और छोटे बेटे तरुण पांडेय के साथ रहते हैं।
गौतम के अनुसार 23 सितंबर को रात 2:30 बजे तरुण को चौथी मंजिल पर खटपट की आवाज सुनाई दी। दोनों ऊपर जाने लगे तो जीने पर लगा दरवाजा अंदर से बंद मिला। इस बीच दोनों को आता देख चोर छत के रास्ते से भाग निकले। गौतम ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस पड़ोसी की छत के रास्ते से चौथी मंजिल पर बने कमरे में पहुंची। चोरों ने छत की ओर लगे कैमरे का तार भी काट दिया था।
तहरीर बदलवाने का आरोप
गौतम 24 सितंबर की सुबह तरुण के साथ गुडंबा थाने पहुंचे। तहरीर में सोने व हीरे की एक-एक अंगूठी, सोने की एक चेन, मंगलसूत्र, कान की लटकन, सोने के दो सेट, हीरे की बालियों का एक सेट, सोने का मांगटीका, दो सेट पायल, दो सेट बिछुआ व पांच हजार की नकदी चोरी होने की बात लिखी थी। आरोप है कि दरोगा ने चोरी गए सामान की लिस्ट को तहरीर से हटाने के लिए कहा। दबाव में पीड़ित ने तहरीर बदल दी। दो दिन दौड़ाने के बाद 25 की देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। तहरीर बदलवाने का आरोप गलत है।
गुडंबा के सेक्टर-एच में चोरी के बाद बिखरा सामान।
गुडंबा के सेक्टर-एच में चोरी के बाद बिखरा सामान।
गुडंबा के सेक्टर-एच में चोरी के बाद बिखरा सामान।