श्रावस्ती। जिले के मुख्य मार्ग भले ही फोर लेन व टू लेन हैं लेकिन ग्रामीण सड़कों का हाल बेहाल है। विभागीय उपेक्षा के चलते कहीं मार्ग जर्जर हैं तो कहीं वर्षों से अधूरे पड़े हैं।
भिनगा बहराइच फोरलेन मार्ग से भंगहा मोड़ व शिवाजोत होते हुए वैभी जाने वाला मार्ग विभागीय उदासीनता का जीता जागता उदाहरण है। करीब 10 साल पहले साढ़े चार किलोमीटर मार्ग का डामरीकरण कराया जाना था। मार्ग निर्माण का कार्य तो शुरू हुआ लेकिन जिम्मेदार आधा अधूरा मार्ग बनाकर चले गए।
भंगहा मोड़ से शिवाजोत तक तो मार्ग का डामरीकरण कराया गया लेकिन बेलवा गांव से वैभी गांव तक करीब एक किलोमीटर मार्ग पर मात्र बोल्डर डालकर छोड़ दिया गया। इससे आने जाने वाले लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम बैभी निवासी मुंशीलाल यादव का कहना है कि मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों से मांग किया गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं बेलवा निवासी रामपुर विश्वकर्मा का कहना है कि मार्ग पर पत्थर पड़े होने से आवागमन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।