प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिवर फ्रंट घोटाले में संलिप्त अभियंताओं की संपत्ति की पड़ताल शुरू कर दी है। इस बाबत रजिस्ट्रार कार्यालय से जानकारी मांगी है। जिन अभियंताओं के संपत्ति की पड़ताल की जा रही है, उनमें मुख्य अभियंता जी चंद्र व अधीक्षण अभियंता अखिल रमन व व शिवमंगल यादव के नाम शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि रजिस्ट्रार कार्यालय से पता करने की कोशिश हो रही है कि इन अभियंताओं की कहां और कितनी संपत्ति है। इसके अलावा इनके बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही इनके करीबियों की संपत्ति के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
बता दें, ईडी पूछताछ के दौरान अखिल रमन से उनकी संपत्ति के बारे में लिखित जानकारी मांग चुकी है। उस वक्त अखिल रमन ने खुद का गोमतीनगर में एक मकान के अलावा और कोई संपत्ति होने की बात से इनकार कर दिया था। विभागीय ठेकों आदि को लेकर ईडी के सवालों का वे मौके पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके थे। इनके अलावा ईडी ने एक अन्य अधीक्षण अभियंता शिवमंगल यादव से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किया था।