लखनऊ। पीजीआई इलाके के रायबरेली रोड स्थित शहीद पथ से सटी क्षेत्र की सबसे पुरानी न्यू डिफेंस कालोनी में वर्षों से लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे। विधायक राजेश्वर सिंह से गुहार लगाई तब एक साल पहले एलडीए की मदद से नाले का निर्माण 1.87 करोड़ रुपये से कराया गया। लेकिन समस्या दूर नहीं हुई। कई शिकायतों के बाद भी नाले की सफाई नहीं हुई तो सोमवार सुबह लोगों ने एकत्र होकर नाराजगी जताई। इसके बाद नगर निगम की टीम के साथ मिलकर कॉलोनी वासियों ने अभियान चलाया तो एलडीए और बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई।
स्थानीय निवासी बृजमोहन सिंह, एसपी सिंह, हजारी लाल, त्रिलोकी सिंह, राजेंद्र कुशवाहा, बीनू मिश्रा ने बताया कि यह कॉलोनी लगभग 30 साल पुरानी है। तब शहीद पथ भी नहीं बना था। सोमवार को मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम की टीम के साथ जेसीबी भेजी फिर कॉलोनी वाले भी फावड़े लेकर आए। इसके बाद नाले के मुहाने की सफाई की गई तो बिजली विभाग का मोटा केबल पड़ा नजर आया। कॉलोनी वासियों का कहना है कि केबल हटने से कुछ समस्या दूर हुई है, विभाग पूरी तरह नाले की सफाई करवाएं तो समस्या पूरी तरह से दूर हो सकती है।
नाले का निर्माण सही से कराया गया था, एक मकान का मलबा नाले में घुस गया था जिसकी वजह से नाला चोक हो गया था। शिकायत पर ठेकेदार को पूरी तरह से नाले की सफाई कराने को कहा गया है। बाकी बिजली विभाग अपनी चीजें दुरुस्त कराएगा।
- अजय गोयल, अधिशाषी अभियंता एलडीए