सीएचसी बीकेटी अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा ने बताया कि इन लोगों को तीन अप्रैल को 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया था। दो बार मेडिकल जांच कराई गई और निगेटिव पाए गए। इसके बाद घर भेज दिया गया। इन्हें अगले 14 दिनों तक घर में ही क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए हैं। ये सभी लखनऊ के हैं।
कमांड हॉस्पिटल में भर्ती कर्नल की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। 48 घंटे बाद दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। कर्नल की पत्नी की रिपोर्ट अब भी पॉजिटिव हैं। गौरतलब है कि इस परिवार के चार सदस्य कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सबसे पहले कर्नल की बहू कनाडा से लौटने के बाद चपेट में आई थी।
लोहिया संस्थान में तीन दिन पहले भर्ती कराए गए एक ही परिवार के नौ सदस्यों में तीन की रिपोर्ट गुरुवार को निगेटिव आ गई है। मीडिया प्रभारी श्रीकेश सिंह ने बताया कि 48 घंटे बाद दोबारा जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट फिर निगेटिव आती है तो मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। यहां भर्ती अन्य मरीज भी बेहतर हैं।
पीजीआई पहुंचे पांच नए मरीज
पीजीआई में गुरुवार को 5 नए मरीज पहुंच गए हैं। यहां मौजूद कुल 19 मरीजों में 13 को आईसीयू में रखा गया है लेकिन उनकी हालत ठीक है। इसी तरह कोविड ओपीडी में 34 मरीज आए। इनमे 28 के सैंपल लिए गए। पीजीआई में गुरुवार को 234 सैंपल लाए गए। इसमें संभल का एक सैंपल पॉजिटिव पाया गया।