प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदला तो किसानों के चेहरे खिल गए। बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के दौरान बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई।
मिर्जापुर के चरखी खुर्द गांव में नंदिनी (10), दिघुली गांव की साधना (15) की मौत होगई फरिदपुर गांव की प्रिया देवी (38) और लीलावती (45) की बभनी गांव से लौटते समय मौत हो गई। भदोही के चेतनीपुर निवासी अंकित (15) की बगीचे में और हरदुआ निवासी दुखना देवी (50) की खेत में तथा तुलसीपट्टी-भरद्वार गांव निवासी शशिभूषण दुबे (46) की पेड़ के नीचे जान चली गई।
बलिया के रामपुर कोडरहा भागड़ के पास रामपुर के संतोष बारी (27) और बिशुनपुर के रामभजन शाह की मौत हो गई। वहीं वाराणसी के मिर्जामुराद में दो किशोरों लल्ला यादव (12) तथा भुवर यादव (15) की जान चली गई। जौनपुर के चौर में प्रभावती (50) झुलस गई। महराजगंज में बढ़ैपुरवा में किशोरी खुशी (16) और रामप्रीत नायक (46) की मौत हो गई। सिद्धार्थनगर के जगदीशपुर के शिवप्रसाद (45) की मौत हो गई। वहीं, बिजनौर के भागूवाला के प्रेमपुरी में आदित्य (15) की मौत हो गई। ब्यूरो/संवाद
मांधातेश्वर मंदिर पर गिरी बिजली, कलश टूटा
काशी विश्वनाथ धाम स्थित मांधातेश्वर महादेव मंदिर के शिखर पर मंगलवार की शाम बिजली गिरने से शिखर का कलश क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद मंदिर के पुजारी ने टूटे कलश को सुरक्षित जगह पर रखवा दिया। धाम परिसर में भारत माता की प्रतिमा के पास मांधातेश्वर महादेव मंदिर है। हादसे के वक्त आरती की तैयारी चल रही थी। घटना के तुरंत बाद मंदिर के शिखर के मरम्मत कार्य की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।