राजधानी में सरोजनीनगर के नटकुर में चारागाह की जमीन कब्जा करके बनाए जाने के मामले में अब एकेटीयू
लखनऊ। राजधानी में सरोजनीनगर के नटकुर में चारागाह की जमीन कब्जा करके बनाए जाने के मामले में अब डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने भी सख्ती की है। एकेटीयू की संबद्धता समिति ने आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की संबद्धता निरस्त करने की संस्तुति शासन को भेजी है।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई आकस्मिक संबद्धता समिति की बैठक में कॉलेज का मामला रखा गया। समिति को अवगत कराया गया कि उक्त मामले में राजस्व परिषद ने कॉलेज के खिलाफ निर्णय लिया है। साथ ही सरकारी जमीन कॉलेज के कब्जे से वापस लेने का निर्णय लिया है। कुलपति प्रो. पांडेय ने बताया कि इसी क्रम में समिति ने कॉलेज की संबद्धता निरस्त करने की संस्तुति की है।
उन्होंने इसे संस्तुति के लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग को भेजा है। वर्तमान में एकेटीयू से कॉलेज की इंजीनियरिंग और फार्मेसी की संबद्धता है। इसे निरस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन की संस्तुति के बाद यहां पढ़ रहे छात्रों को उनके पास के अन्य कॉलेजों में भेजकर कोर्स पूरा कराया जाएगा। छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। बता दें कि राजस्व परिषद ने कॉलेज की ओर से कब्जा की गई जमीन को वापस चारागाह में दर्ज कर लिया है।