कोरोना का खौफ चिकन खाने के शौकीनों में भी दिख रहा है। आलम यह है कि मुर्गे की बिक्री में 70 से 80 फीसदी तक गिरावट आई है। ऐसे में 160 रुपये प्रति किग्रा बिकने वाला चिकन अब 50 रुपये किलो पहुंच गया है। इससे महंगा तो घुइयां है। शुक्रवार को घुइयां 70 रुपये किलो बिकी।
चिकन की मांग कम होने से मटन का कारोबार मजबूत हुआ। इससे यह 60 रुपये किलो महंगा हो गया है। चिकन कारोबारी मो. मुशर्रफ का कहना है कि कोरोना के डर से कारोबार करीब 80 फीसदी तक गिर चुका है। किसानों का पैसा छुड़ाने के लिए जिंदा मुर्गा 40 रुपये किलो और मीट 60 रुपये किलो बेच रहे हैं।
इसके पहले जिंदा मुर्गा 120 रुपये प्रति किलो और मीट 160 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। फिरोज बताते हैं कि जिंदा मुर्गा 30 रुपये किलो और मीट 50 रुपये प्रतिकिलो बेच रहे हैं।