गोंडा के खरगूपुर थाना क्षेत्र में पशुओं को चराकर घर लौट रही किशोरी को एक युवक ने साथी के सहयोग से दबोच लिया और उसे गन्ने के खेत में ले जाकर उसके हाथ-पैर बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
शनिवार की देर शाम गांव के समीप तालाब के किनारे किशोरी बेहोशी की हालत में पाई गई। किशोरी की मां ने खरगूपुर थाने में एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म व दुष्कर्म में सहयोग करने के आरोप में एक अन्य युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी शनिवार की सुबह अपनी दादी के साथ पशुओं को लेकर घर से खेत को गई थी। वहां किशोरी की दादी पशुओं को चराने लगी।
इसके बाद किशोरी वापस घर लौट रही थी तभी रास्ते में दो युवकों ने किशोरी को दबोच लिया और उसके गन्ने के खेत में खींच ले गए। किशोरी की मां के मुताबिक एक युवक ने उसकी बेटी के हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूस दिया और दूसरे ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों युवक वहां से भाग गए। गांव से कुछ दूरी पर तालाब किनारे स्थित गन्ने के खेत के पास किशोरी बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।
किशोरी की मां ने खरगूपुर थाने में एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म व दुष्कर्म में सहयोग करने के आरोप में एक अन्य युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।