लखनऊ। इंदिरानगर इलाके में रहने वाली महिला इंजीनियर को शादी का झांसा देकर पांच साल तक शोषण करने व दुष्कर्म के आरोपी को इंदिरानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ठेकेदार ठेकेदारी करता है।
प्रभारी निरीक्षक इंदिरानगर डॉ. रामफल प्रजापति के मुताबिक, पीड़िता इंजीनियर है। उसकी शिकायत पर आरोपी प्रशांत विजय सिंह मुंशीपुलिया चौराहे के पास से मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि प्रशांत महिला को यौन शोषण के विरोध पर पीटता था। महिला ने बताया कि पांच साल पहले मूलरूप से गोंडा नवाबगंज के तुलसीपुर गांव निवासी प्रशांत विजय सिंह से ऑफिस में मुलाकात हुई थी। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर विजय से सड़क निर्माण आदि काम की वजह से आने की वजह से परिचय हो गया। इसी बीच एक काम के सिलसिले में एक स्थान पर मुलाकात हुई। जहां उसने बातों में फंसाकर दुष्कर्म किया। विरोध पर शादी का प्रस्ताव रख दिया। इसके बाद पांच साल तक महिला के घर और अपने गोमतीनगर एक अपार्टमेंट के फ्लैट में शोषण करता रहा। शादी का दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी देता था।
सोशल मीडिया पर आरोपी ने खुद को बताया नेशनल शूटर
प्रशांत विजय की सोशल मीडिया प्रोफाइल के हिसाब से वह नेशनल शूटर है और गोल्ड मेडल भी जीता है। इससे जुड़ी कई तस्वीरें उसके फेसबुक पेज पर पड़ी हैं। इसके साथ ही उसके फिल्म प्रोडक्शन और एक्टिंग से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, उसके नेशनल शूटर होने के विषय में जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।