लोहिया संस्थान की जूनियर रेजिडेंट ने पीजी कर रहे डॉ. नीरज गौतम पर दुष्कर्म की कोशिश व अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। मामले को लेकर इंस्पेक्टर श्याब बाबू शुक्ला का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता आलमबाग की है और यहां डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में जूनियर रेजिडेंट है। उसका पति भी डॉक्टर है। पीड़िता का आरोप है कि चार जुलाई की रात करीब सवा 12 बजे वह अपने ड्यूटी रूम में थी, तभी डॉ. नीरज गौतम वहां आ गया।
बकौल पीड़िता, डॉ. गौतम ने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया और उससे अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध पर रेप की कोशिश की। इसी दौरान पीड़िता के पति वहां आ गए। उन्होंने धक्का देकर कमरे का दरवाजा खुलवाया तो डॉ. गौतम भाग निकला। मामले की जानकारी अस्पताल प्रशासन को लगी तो हड़कंप मच गया।
मुकदमा दर्ज कर की जा रही छानबीन
पीड़िता का कहना है कि डॉ. गौतम के पास उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो हैं। ये उसने ऑपरेशन थिएटर पर कपड़े बदलते वक्त चुपके से अपने मोबाइल फोन के कैमरे से खींची थीं। मनमानी न करने देने पर वह सारे फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है। पीड़िता का आरोप है कि डॉ. गौतम ने पहले भी उसे अश्लील फोटो के नाम पर ब्लैकमेल किया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि डॉ. गौतम की तलाश की जा रही है।
डॉक्टर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है। जरूरत पड़ी तो संस्थान प्रशासन अपने स्तर पर भी जांच कराएगा। - डॉ. श्रीकेश सिंह, मीडिया प्रभारी लोहिया संस्थान
लोहिया अस्पताल की डॉक्टर ने सहकर्मी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। - श्याम बाबू शुक्ला, थानाध्यक्ष विभूति खंड