उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बेड़े में ‘पिंक एक्सप्रेस’ की तर्ज पर दिसंबर से 50 ‘रानी लक्ष्मीबाई’ महिला स्पेशल बसें शामिल होने जा रही हैं। इनसे महिलाएं लखनऊ सहित आठ महानगरों से सफर कर पाएंगी।
32 सीटर बस में 232 यानी दोनों तरफ दो-दो सीटें होंगी। इससे सफर आरामदायक होगा। खास ये कि इस वातानुकूलित बस का किराया वॉल्वो और स्कैनिया से कम है। यात्री को इस बस में 1.42 रुपये प्रति किमी. की दर से किराया और किराए का 7 फीसदी सेस व 5 फीसदी जीएसटी चुकाना होगा।
मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) एचएस गाबा ने बताया कि बस के ‘रानी लक्ष्मीबाई’ के नाम पर स्वीकृति अभी बाकी है। परिवहन निगम को इन बसों को खरीदने एवं सुरक्षा तंत्र के लिए केंद्र सरकार ने निर्भया फंड से 40 करोड़ रुपये मुहैया कराए हैं।
जबकि 43.40 करोड़ रुपये की रकम लंबित है। लखनऊ से महिलाएं गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, हरिद्वार, झांसी, हल्द्वानी के लिए सुरक्षित सफर कर पाएंगी। इन बसों के ड्राइवर एवं कंडक्टर को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पुलिस के द्वारा स्पेशल ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
पुरुषों को सशर्त सुविधा
लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके बोस ने बताया कि महिला स्पेशल बस में पुरुष बिना महिला के सफर नहीं कर पाएंगे। यानी पहला टिकट महिला के नाम से ही बनेगा। इसके बाद महिला के साथ में पिता, पति, भाई, बेटे को सफर की अनुमति मिलेगी।
महिला चालक व परिचालक
लखनऊ से संचालित होने वाली महिला स्पेशल बस में चालक एवं परिचालक महिलाएं ही होंगी। परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्रावैधिक) ने बताया कि बस में परिचालक बनने के लिए महिलाएं तो बहुत हैं, लेकिन चालक आसानी से नहीं मिल रहीं। पहले दौर में 20 महिला चालकों की सूची का प्रशिक्षण चल रहा है।
डायल-100 से कनेक्शन
इन बसों का सुरक्षा तंत्र से सीधा कनेक्शन होगा। इसमें डायल-100, परिवहन निगम कंट्रोल रूम एवं महिला इंटरसेप्टर वाहन शामिल हैं। पैनिक बटन के दबते ही पुलिस, परिवहन एवं इंटरसेप्टर वाहन पर सूचना का एलर्ट पहुंचेगा। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा का कार्य शुरू हो जाएगा।
बस की खासियत
- बस में खुफिया कैमरे से निगरानी
- ड्राइवर, यात्रियों की सीट पर पैनिक बटन
- डीबीआर से सफर की पूरी रिकॉडिंग
- महिला इंटरसेप्टर वाहन करेंगे सुरक्षा
आलमबाग से किराया
कहां तक रुपये
दिल्ली 985
आगरा 601
गोरखपुर 510
प्रयागराज 334
किस महानगर से कितनी सेवाएं
महानगर बसें
गाजियाबाद 10
आगरा 10
लखनऊ 08
बरेली 06
गोरखपुर 04
कानपुर 04
प्रयागराज 04
वाराणसी 04
किस मद के लिए निर्भया फंड
50 महिला स्पेशल एसी बस 22.50 करोड़
12,500 बस में कैमरे, पैनिक बटन 47.50 करोड़
24 इंटरसेप्टर 08.40 करोड़
सुरक्षित व आरामदायक होगा सफर
निर्भया फंड से महिलाओं को सुरक्षित सफर कराने के लिए 50 एसी बसें टाटा मोटर से खरीदी गई हैं। दिसंबर से इन बसों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
- पी. गुरू प्रसाद, प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम