लखनऊ में कोरोना वायरस की स्थिति जानने के लिए एक बार फिर रैंडम सर्वे शुरू हो गया है। बाल गृह और वृद्धाश्रम के बाद निजी हॉस्पिटल के कर्मियों की भी जांच की जा चुकी है। अच्छी बात यह है कि अभी तक लिए गए सैंपल में नाममात्र के मरीज पाए गए हैं। रविवार को वृद्धाश्रम के एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अन्य की निगेटिव आई है।
शासन की ओर से राजधानी सहित 20 जिलों में कोरोना वायरस का स्तर जानने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत शुक्रवार को बालगृह और अनाथ आश्रम से 100, वृद्धाश्रम से 100 और मलिन बस्तियों से 105 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें वृद्धाश्रम से एक सैंपल ही पॉजिटिव मिला है। मलिन बस्तियों के लोगों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रविवार को चिकित्सा कर्मियों के करीब 110 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पहले भी हो चुका है सर्वे
इससे पहले प्रवासियों के आने के बाद ग्रामीण एवं शहरी इलाके में पूल टेस्टिंग कराई गई थी। इसमें करीब 250 से अधिक लोगों की जांच की गई। लेकिन सभी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।