जिस माफिया डॉन और विधायक मुख्तार अंसारी को आगरा से लखनऊ जेल में शिफ्ट करने पर सत्ताधारी दल में हलचल मच गई, उसकी जेल बदलने को कारागार मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया ने रूटीन ट्रांसफर बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी को पहाड़ की वादियों में सैर करने तो नहीं भेजा, एक जेल से दूसरी जेल में ही भेजा है। सूबे में हर रोज इस तरह के 35-40 ट्रांसफर होते हैं।
साथ ही कहा, जेल मंत्री होने के नाते मुख्तार के ट्रांसफर के लिए वह ही जिम्मेदार हैं। कारागार मंत्री ने शुक्रवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कहीं।
रामूवालिया ने कहा कि जिस दिन मुख्तार को लखनऊ की जेल में भेजा गया, उस दिन 35-40 और बंदी भी इधर से उधर हुए। सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से ऐसा किया जाता है। मुख्तार अंसारी के ट्रांसफर की वजह पूछने पर उन्होंने संवाददाताओं से ही उल्टा सवाल कर दिया कि क्या आपने उनकी (मुख्तार की) बीमारी की रिपोर्ट देखी है?