राममंदिर ट्रस्ट की पहली बैठक में शामिल होने गए यहां के ट्रस्टियों के पास कई मुद्दे हैं। सबसे बड़ी चुनौती निर्मोही अखाड़े से चुने गए प्रतिनिधि ट्रस्टी दिनेंद्र दास के समक्ष है, उन्हें अखाड़े के छह पंचों को ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व देने का मुद्दा उठाना है।
साथ ही निर्मोही अखाड़े को पूजा का अधिकार की मांग करनी है, जबकि डीएम समेत अन्य ट्रस्टियों ने रामालय ट्रस्ट की ओर से वाराणसी में राममंदिर के लिए स्वर्णदान लेने पर रोक समेत राममंदिर बनवाने के नाम पर बने अन्य ट्रस्टों की परिसंपत्तियों को फ्रीज करके उपयोग में लेने का मुद्दा भी उठेगा।
बुधवार को नई दिल्ली में होने जा रही ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली गए निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि अपने छह और सदस्यों को शामिल करने व पूजा-पाठ का अधिकार मांगने के लिए प्रस्ताव रखेंगे।
बताया कि बैठक में राममंदिर निर्माण की तिथि पर भी चर्चा होनी तय है। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र व आफियो ट्रस्टी डीएम अनुज कुमार झा ने रामालट ट्रस्ट की ओर से स्वर्ण दान अभियान के खिलाफ मुद्दा उठाने की बात कही है।
दोनों ट्रस्टियों का कहना है कि जब अधिकृत ट्रस्ट गठित हो गया है तो इस बाबत पहले से सक्रिय तीन ट्रस्ट रामालय, श्रीरामजन्मभूमि न्यास, श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण न्यास की ओर से चंदा-दान, सहयोग या संपत्तियां भक्तों से लेने का अधिकार नहीं रह जाता।
गौरतलब है कि रामालय ट्रस्ट के मुखिया जगतगुरू स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती है, जबकि श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास और श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण न्यास महंत जन्मेजय शरण हैं। महंत नृत्यगोपाल व विहिप पहले ही ऐलान कर चुकी है कि तराशे गए पत्थर समेत खाते में पड़ी करीब एक करोड़ की धनराशि नया ट्रस्ट जब मांगेगा, सौंप देंगे।
बैठक में शामिल होने के लिए रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास भी मंगलवार की दोपहर में अयोध्या के मणिरामदास की छावनी आश्रम से निकले। ट्रस्ट की ओर से कोई अधिकृत पत्र महंत नृत्यगोपाल दास को नहीं मिला है, लेकिन ट्रस्टी ज्योतिष पीठाधीश्वर वासुदेवानंद सरस्वती, डॉ अनिल मिश्र, बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र ने दिल्ली चलने का आग्रह किया जिसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हुए।
सोमवार देर रात विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय विशेष दूत बनकर उन्हें दिल्ली आने का आग्रह करने आए थे। इसके साथ-साथ निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास, डॉ. अनिल मिश्र, बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र व अयोध्या डीएम अनुज कुमार झा भी बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
बुधवार को दिल्ली में ट्रस्ट की पहली बैठक में राममंदिर निर्माण की तिथि तय हो सकती है। सोमवार को यहां आए ज्योतिषपीठाधीश्वर वासुदेवानंद सरस्वती ने भी कहा था कि वे महंत नृत्यगोपाल दास को ट्रस्ट में शामिल करने के लिए बैठक में अपनी ओर से प्रस्ताव रखेंगे।