श्रीराम मंदिर में दानपात्र से कथित गबन को लेकर सपा अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव के बयान पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि क्या अखिलेश ने कभी बाबरी मस्जिद के लिए जमा हुए चंदे के बारे में कोई सवाल पूछा है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जवाब में सोशल मीडिया पर लिखा कि क्या कभी मंत्रीजी (ब्रजेश पाठक) ने आईसीयू में गहरी सांस भर रहे अपने विभाग के स्वास्थ्य के बारे में कोई सवाल पूछा है। ये दायित्वहीनता जनहित के प्रति उनकी अयोग्यता, उदासीनता, लापरवाही, असमर्थता, अक्षमता को दर्शाती है।
अखिलेश यादव ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर में दानपात्र से गबन की खबरों को लेकर कहा कि ट्रस्टी क्या कहना चाहते हैं, किसी को समझ नहीं आ रहा है। हेराफेरी में संलिप्त लोगों को हिरासत में लेने की खबरें मीडिया में आ रही हैं। पहले पुलिस कुछ नहीं कहती लेकिन बाद में न जाने किसके दबाव में खंडन करती है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि जनता के आक्रोश को देखकर पूरे देश के भाजपा नेताओं की घिग्घी बंध गई है। भाजपा के संगी-साथी इस मसले की आपराधिक गतिविधि से पल्ला छुड़ाने के लिए सदैव की तरह भूमिगत हो गए हैं।