फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM क्या, सरकार में मंत्री तक नहीं बनेंगे राजनाथ

Sat, 29 Mar 2014 11:38 AM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी के सत्ता में आने के बाद भी वे सरकार में शामिल न होकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही रहेंगे।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही बनेंगे। उन्होंने फिर सफाई दी कि वे प्रधानमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं। सरकार बनने के बाद भी वे संगठन में ही रहेंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल नहीं होंगे।

राजनाथ शुक्रवार को यहां अपने आवास पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।

बहुमत न मिला तो भी मोदी प्रधानमंत्री

राजग को बहुमत न मिलने के सवाल पर सिंह ने कहा कि यह सवाल ही काल्पनिक है।

राजग को 272 प्लस सीटों का आंकड़ा हासिल होने जा रहा है। किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं होता है तो भी मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे क्योंकि कई दल व नेता राजग में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

कुछ आ चुके हैं तो कुछ आने वाले हैं। कुछ चुनाव बाद आ जाएंगे। इसलिए अगली सरकार राजग की बननी है।

टिकट वितरण में कोई हस्तक्षेप नहीं

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हस्तक्षेप के कारण कठिनाई खड़ी होने के सवाल पर सिंह ने कहा कि यह सवाल निराधार है। संघ का टिकट वितरण में कोई हस्तक्षेप नहीं है। संघ सिर्फ मार्गदर्शन करता है।

उन्होंने कहा कि जहां तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को टिकट न देने या दूसरी जगह से टिकट देने का सवाल है तो यह फैसला पार्टी की चुनाव समिति व संसदीय बोर्ड ने रणनीति के तहत किया है।

लखनऊ से उन्हें लड़ाने का फैसला भी पार्टी का है। सरकार बनने पर आडवाणी व सुषमा की भूमिका के सवाल पर राजनाथ ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेता हैं। उनके बारे में पार्टी फैसला करेगी।

राजनाथ पांच को करेंगे नामांकन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लखनऊ लोकसभा सीट से उम्मीदवार राजनाथ सिंह सात अप्रैल के बजाय पांच अप्रैल को भी नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक शुभ मुहूर्त के चक्कर में यह बदलाव करने के बारे में गंभीरता से विचार-विमर्श चल रहा है। वैसे खुद राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां कार्यकर्ता सम्मेलन में 7 अप्रैल को नामांकन की घोषणा की थी।

पर पता चला है कि कुछ ज्योतिषियों ने सिंह को 7 के बजाय 5 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करने की सलाह दी है। सिंह ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से भी इस सिलसिले में विचार-विमर्श किया।

राहुल और सोनिया को आसानी से जीतने नहीं दूंगा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पार्टी आसानी से जीतने नहीं देगी। इसके लिए दमदार प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

जहां तक प्रत्याशियों का सवाल है तो यह फैसला संसदीय बोर्ड ही करेगा।

राजनाथ शुक्रवार को यहां हलवासिया कोर्ट में अपने चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान हवन-पूजन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ से उन्हें शानदार जीत मिलेगी।

राजनाथ ने डाली जीत की आहुति

इससे पहले राजनाथ के पुत्र व पार्टी के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह, लखनऊ के महापौर डॉ. दिनेश शर्मा, मौजूदा सांसद लालजी टंडन के पुत्र गोपाल टंडन तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित पुरी ने हवन-पूजन किया।

राजनाथ की जीत की प्रार्थना के साथ आहुतियां डालीं। राजनाथ खुद भी लालजी टंडन, शिवकुमार और प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी के साथ पूजन में पहुंचे।
विज्ञापन

पार्टी में कोई विरोध नहीं

कार्यकर्ताओं के एकजुट न होने के सवाल पर राजनाथ ने कहा कि यह बात सही नहीं है। राजनाथ ने कहा कि चुनाव वे नहीं, लखनऊ की जनता लड़ रही है।

लखनऊ का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ है। जहां कोई दिक्कत होगी, उसे भी ठीक कर लिया जाएगा।

राजनाथ ने उम्मीद जताई कि भाजपा को लखनऊ में अब तक मिली जीतों में इस बार की जीत बहुत ज्यादा अंतर वाली होगी। विरोधियों का दूर-दूर तक पता नहीं चलेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें