लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा की दिशा में पहल करते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्षेत्र के विद्यालयों को ‘नेट जीरो सरोजनीनगर मिशन 2040’ से जुड़ने का आमंत्रण दिया है। इसके तहत इच्छुक स्कूलों में पूरी तरह से निःशुल्क रेन वॉटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी।
इस मुहिम के तहत डॉ. राजेश्वर सिंह ने 60 विद्यालयों को पत्र लिखा है। इन स्कूलों को इस मिशन का अग्रदूत बनाया जाएगा, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य स्कूलों को भी जोड़ा जाएगा। इस परियोजना का पूरा वित्तीय व तकनीकी खर्च मिशन की टीम उठाएगी। विद्यालयों को भेजे पत्र में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके स्कूलों में आकार लेता है। यदि सरोजनीनगर को देश की पहली नेट ज़ीरो विधानसभा बनाना है तो इसकी नींव हमारे स्कूलों से ही रखी जाएगी।” उन्होंने गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए कहा कि जब छात्र वर्षा की एक-एक बूंद को सहेजते हुए देखेंगे, तो जल संरक्षण उनके जीवन का संस्कार बन जाएगा। इन स्कूलों को भविष्य में ''''लिविंग ग्रीन डेमॉन्स्ट्रेशन सेंटर'''' के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां छात्र सौर ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन व पौधारोपण जैसे व्यावहारिक गुर सीख सकेंगे। यह मॉडल शिक्षा, तकनीक और पर्यावरण को जोड़कर सरोजनीनगर को पूरे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत बनाएगा।