उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दो दिन से लगातार हो रही बारिश से लोगों की जान पर आ गई है। पूर्वांचल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चारों तरफ फैले पानी के बीच लोगों का जीना दूभर हो गया है। उत्तर प्रदेश में आफत बनकर बरस रही बारिश ने गुरुवार रात से अबतक 14 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है।
वाराणसी में दो लोगों की मौत
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के तेवर गांव में गुरुवार देर रात भारी बारिश के चलते मकान गिर गया। इस दौरान मकान के नीचे दबने से 60 वर्षीय रामखेलावन घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं राजापुर गांव में बारिश से दीवार गिर गई। इसकी चपेट में आने से 54 वर्षीय कांता राम की मौके पर ही मौत हो गई।
चंदौली में तीन की मौत
चंदौली जिले अलीनगर थाना क्षेत्र में लगातार हुई बारिश के कारण मकान ढह गया। इसके मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 70 वर्षीया धनेसरा देवी और उसके दो बेटे शामिल हैं।
आजमगढ़ में एक की मौत
आजमगढ़ निजामाबाद के अहरौला में पिछले 30 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण कटवा गांव में एक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
भदौही में तीन की मौत
शुक्रवार को भदोही जिले के चौरी में घर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कोइरौना में पेड़ की डाली गिरने से बाइक सवार की जान चली गई। वहीं भदोही में अत्यधिक बारिश के कारण काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का छात्रसंघ चुनाव स्थगित हो गया।
रायबरेली में दो की मौत
रायबरेली में भी दीवार गिरने से दो की मौत हो गई। वहीं अंबेडकरनगर में एक जान चली गई। सीतापुर में तटबंध टूटने से 52 गांवों पर खतरा मंडराने लगा है।
बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र के वदीपुर मजरे इस्माइलपुर निवासी मोबीन का आठ वर्षीय का बेटा उमेर स्कूल से लौटा ही था कि उसके ऊपर घर की छत और दीवार ढह गई। मलबे में दबने से घायल उमेर को परिवारीजन एक निजी अस्पातल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं जैदपुर थाना क्षेत्र में परसोला गांव निवासी वृद्धा बृजरानी पत्नी सुरेश की छत गिरने से उसके मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई। उधर रायबरेली में के गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे ककोरन गांव निवासी शाहिद अली की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। जिसके मलबे में दबकर शाहिद की बेटी बीना (3) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समीमुननिशा (35) घायल हो गई।
अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के पूरे नंदा मजरे सबरहदा गांव में पक्के मकान की छत ढह गई। जिसके मलबे में दबकर कृष्ण बहादुर सिंह (65) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी विद्या सिंह (62), बेटा राघवेंद्र (30) घायल हो गये। वहीं अंबेडकरनगर के भीटी इलाके में दीवार ढहने से 45 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। वहीं सीतापुर के रामपुर मथुरा में में बाढ़ से गांवों को बचाने के लिए दो साल पहले बनाया गया तटबंध घाघरा में समा गया।
बांध कटने से घाघरा के किनारे बसे गांवों में हड़कंप है। सतह से पानी डेढ़ फीट नीचे होने से पानी अभी गांव में नहीं पहुंचा है लेकिन कटान जारी होने से ग्रामीण दहशत में हैं। दशरथपुरवा गांव में लोगों ने गृहस्थी समेटकर पलायन शुरू कर दिया है। बांध कटने से क्षेत्र के करीब 52 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
घाघरा उफनाई तो इन गांवों की लगभग 25 हजार आबादी प्रभावित होगी। इस बीच तेज हवा के साथ दिनभर हुई बारिश से गुरुवार को लगभग सभी शहरों में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। शहर में कई कार्यालयों समेत आवासों में पानी घुस गया।
सुबह से शुरू हुई बारिश का असर रहा कि स्कूल, दफ्तर, अस्पताल आदि में लोगों की उपस्थिति बेहद कम रही। इस बीच सुल्तानपुर में बारिश के दौरान जयसिंहपुर के प्राथमिक विद्यालय बरौंसा की छत ढह गई जबकि अन्य दीवारों में दरार आ गई। हादसे के समय बच्चे दूसरे कमरे में होने से बाल-बाल बच गये। वहीं, जिले के अलग-अलग स्थानों पर 32 मकान ढहने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है।
लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के चलते आज नर्सरी से कक्षा 12 तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने ट्वीट कर ये आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी ने ने ट्वीट किया कि 'खराब मौसम और अतिवृष्टि को देखते हुए लखनऊ जनपद के कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में कल दिनांक 27 सितंबर को अध्ययन अवकाश तत्काल प्रभाव से घोषित किया जाता है। निर्वाचन व नामांकन प्रक्रिया सामान्य रूप से चलती रहेगी।'
दरअसल, लखनऊ व आसपास के जिलों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, बृहस्पतिवार को भी बारिश जारी है। जिसके चलते प्रशासन ने ये फैसला लिया है।