शुक्रवार को हुई बारिश का दृश्य।
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में गुरुवार की रात से मौसम का मिजाज बिगड़ गया। मौसम के बदले रुख से रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश शुक्रवार को दिन भर रुक-रुककर जारी रही। हालांकि, रिमझिम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया।
लखनऊ के कई इलाकों में सुबह बारिश हुई और फिर दिन में भी रुक-रुक कर फुहारें पड़ती रहीं। मई के अंतिम दिनों में धूप से तपने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
रायबरेली जिले में हल्की रिमझिम बारिश के साथ हवा चली। इससे मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हल्की बारिश की वजह से शहर में कई स्थानों पर जाम की नौबत भी रही। अचानक बदले मौसम के मिजाज से जून में लोगों को ठंड का एहसास हुआ। खेती किसानी के कार्य ने भी रफ्तार पकड़ ली है।
सुल्तानपुर में रिमझिम बारिश से खेती-किसानी के कार्य में लगे किसानों के चेहरे खिल गए। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। दिन भर आसमान में बादलों ने डेरा डाले रखा और धूप नहीं निकली। रिमझिम बारिश से शहर समेत ग्रामीण इलाकों में कीचड़युक्त हुई सड़कों पर लोगों को चलने में काफी परेशानी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है।
इसी तरह अयोध्या जिले में लगातार दूसरे दिन भी रिमझिम फुहार पड़ने से मौसम सुहावना रहा। दिनभर काले बादल छाए रहे। सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हुए। इससे पारा तेजी से लुढ़का तो दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा। अभी मौसम विभाग ने बादल छाए रहने व हल्की वर्षा होने का अनुमान लगाया है।
बलरामपुर जिले में रात के समय भारी बारिश हुई। झमाझम बारिश होने से शुक्रवार को मौसम सुहाना हो गया है। पारा गिरने पर लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिल गई है। नगर निकायों में कीचड़ व जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश को लेकर किसानों में खुशी है। खेतों में पानी भर जाने से किसानी के काम में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।