कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय अमेठी दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। इसकी पुष्टि कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंन्द्र मिश्र ने की है। उन्होंने कहा कि कुछ आवश्यक कारणों के चलते राहुल गांधी का अमेठी दौरा निरस्त कर दिया गया है। अगले दौरे की तिथि अभी तय नहीं है।
दरअसल, भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी आज (शुक्रवार) अमेठी दौरे पर थीं। ऐसे में राहुल गांधी की अमेठी में मौजूदगी पर सभी की नजरें थीं, लेकिन उनका दौरा रद्द कर दिया गया है।
राहुल गांधी को अमेठी दौरे के पहले दिन गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट में अधिवक्ता सभागार का उद्घाटन करना था साथ ही बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को शपथ भी दिलानी थी।
वहीं, तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनने से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की खास तैयारियां की थी। दौरा रद्द होने से कार्यकर्ताओं को निराशा हुई है।