राजधानी के प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल में रैगिंग का मामला सामने आया है। खाने के समय निर्देशों का पालन नहीं करने पर सीनियर्स ने नौवीं कक्षा के छात्र को इतना प्रताड़ित किया कि उसकी जान पर बन आई।
पहले तो सीनियर्स ने मेस में उसे मुर्गा बनाया। पिटाई की। इसके बाद दंड-बैठक कराई और फिर पीटा। छात्र आलमबाग क्षेत्र के एक हॉस्पिटल में भर्ती है। पीड़ित के पिता का आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उनके बेटे के साथ रैगिंग की है। बहरहाल स्कूल की डिसिप्लिन कमेटी ने दो सीनियर्स को सस्पेंड कर दिया है।
पीड़ित छात्र 23 जुलाई की रात मेस में डिनर कर रहा था। छात्र ने बताया कि इसी दौरान कक्षा 12 के 3-4 छात्रों ने उसे निर्देश दिया कि खाने के समय उसका हाथ टेबल पर नहीं छूना चाहिए। लेकिन विशाल का हाथ छू गया।
इसके बाद सीनियर्स ने उसे बालों से पकड़कर पीटा और वहीं टेबल के नीचे मुर्गा बना दिया। इसके बाद छात्र जब रात में कैम्पस हॉस्टल के अपने कमरे में गया तो रात करीब 10 बजे दो सीनियर छात्रों ने उसे बुलाकर पहले पीटी कराई और फिर दंड-बैठक लगवाए।