लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बृहस्पतिवार की शाम भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया गांव के पास सड़क हादसे में शाहजहांपुर जिले में तैनान दीवान लक्ष्मण प्रसाद यादव की मौत हो गई। साथी रोशन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। दोनों लोग महाकुंभ में स्नान करने के बाद मोटर साइकिल से वापस लौट रहे थे। कुत्ते को बचाने में यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
बरेली की डिफेंस कॉलोनी इज्जत नगर निवासी लक्ष्मण प्रसाद यादव (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद यादव वर्तमान समय में शाहजहांपुर पुलिस लाइन में दीवान के पद पर कार्यरत हैं। कॉलोनी के ही अपने साथी रोशन सिंह (38) पुत्र दिलीप सिंह के साथ महाकुंभ में स्नान करने के लिए गए थे। बाइक से वापस लौटते समय बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया स्थित बाबा ढाबा के पास हाईवे पर अचानक कुत्ता आ गया। बचाते-बचाते बाइक कुत्ता से भिड़ गई, जिससे दोनों लोग सड़क पर गिर गए। दीवान लक्ष्मण प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही भदोखर एसओ दयानंद तिवारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एम्स की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दीवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रोशन को एम्स में भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसओ ने बताया कि दीवान लक्ष्मण ही बाइक को चला रहे थे। वे हेलमेट भी पहने थे लेकिन हादसा जोरदार होने के कारण वह टूटकर गिर गया। इससे सिर पर गंभीर चोटें आने से मौत हो गई। सूचना शाहजहांपुर और बरेली स्थित दीवान के घर को भेजी गई है।