मामले की जानकारी पर हड़कंप मच गया।
- फोटो : amar ujala
बहराइच के बाद रायबरेली में भी भेड़िया की दस्तक की संभावना से हड़कंप और दहशत फैल गई है। सरेनी कोतवाली क्षेत्र के बैरुआ रामपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात को एक जंगली जानवर ने एक आठ वर्षीय बच्ची को दौड़ा लिया। बच्ची ने शोर मचाते हुए घर के अंदर घुसकर जान बचाई। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े, इसके साथ ही भेड़िया की दस्तक की संभावना को देखते हुए वन विभाग की सूचना की गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जंगल में कांबिंग शुरू कर दी है।
बैरुआ रामपुर गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी विजय कुमार रैदास की आठ वर्षीय बेटी खुशी रात 9 बजे के करीब दरवाजे पर खेल रही थी। तभी अचानक एक जंगली जानवर ने उसे दौड़ा लिया। खुशी शोर मचाते हुए घर में घुस गई। वहीं, शोर सुनकर ग्रामीणों ने जंगली जानवर को दौड़ा लिया लेकिन वह जंगल की तरफ भाग निकला।
ग्रामीणों का कहना है कि हमला करने वाला जंगली जानवर भेड़िया ही था। मामले की सूचना ग्रामीणों ने फॉरेस्टर ओपी सिंह को दी है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग शुरू कर जंगली जानवर की तलाश शुरू कर दी है। वन फॉरेस्टर का कहना है कि जिस तरह ग्रामीण बता रहे हैं, उस पर भेड़िया की संभावना को लेकर टीम कांबिंग कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।