तस्करी के लिए ले जाए जा रहे थे गोवंश।
- फोटो : amar ujala
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात गोवंशों से भरे ट्रक को रोकने पर चालक ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को रौंदने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी की तो चालक गोवंशों से भरे ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक से बरामद गोवंशों को गोशाला भिजवाया गया।
दरअसल, मंगलवार की रात लगभग दो बजे के करीब बजरंग दल के जिला सयोजक सुरेश सिंह को सूचना मिली कि बराडीह गांव के एक बाग से बड़ी संख्या में गौवंशों को तस्कर ट्रक में लादकर जौनपुर जिले की ओर निकला है। सूचना पर बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सूची मार्ग पर गौ तस्करों को ट्रक समेत घेर लिया। इसी दौरान ट्रक चालक ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को रौंदने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने किसी तरह जान बचाकर घटना की सूचना सीओ सलोन प्रदीप कुमार को दी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने सूची व करहिया चौकी पुलिस को तत्काल ट्रक की नाकेबंदी करके पकड़ने का निर्देश दिया। टोल प्लाजा पर सीओ के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता संजय तिवारी, रोहित, अभिषेक पहुंच गए। पुलिस से बचने के लिए ट्रक को टोल के समीप छोड़कर चालक तस्कर और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
ट्रक से बरामद 16 गौवंशों को भवानीपुर गोशाला भिजवाया गया। सीओ ने बताया कि सूची चौकी प्रभारी प्रिंस सोनकर की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। ट्रक के मालिक के बारे मेंं पता लगाया जा रहा है।