वैवाहिक समारोह से लौट रहे दो शिक्षामित्रों की बृहस्पतिवार की देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई । बाइक से टकराने के बाद ट्रक खाई में जाकर पलट गया । हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर भाग गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिले के ऐहार के निकट लोधी पुरवा मजरे उतरावां निवासी गुप्तार सिंह यादव खीरों ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय जमोरिया में हेड मास्टर के पद पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार को हेडमास्टर गुप्तार सिंह यादव की बारात बछरावां कस्बे के एक मैरिज लान में आई हुई थी। बारात में शामिल होने के लिए उसी स्कूल में तैनात शिक्षामित्र अशोक कुमार (35) और प्राथमिक विद्यालय अकोहरिया में तैनात शिक्षामित्र सूर्यभान (40) एक ही बाइक से बछरावां आए थे। बारात में शामिल होकर वापस जा रहे दोनों शिक्षामित्र जैसे ही बांदा-बहराइच राजमार्ग पर नंदाखेड़ा के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रक खाई में जाकर पलट गया । दुर्घटना में दोनों बाइक सवार खीरों थाना क्षेत्र के अकोहरिया निवासी अशोक कुमार (35) व सूर्यभान (40) की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बाइक से आ रहे रायपुर पंचायत मित्र शैलू सिंह ने घटना की जानकारी ग्राम प्रधान संतोष कुमार को दी। संतोष कुमार की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने दोनों शिक्षामित्रों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
अशोक कुमार की मौत से बेटी श्वेता (15), आदित्य (14), अभय (9), पत्नी मिथलेश (32) का रो-रो कर बुरा हाल है । मृतक सूर्यभान का बेटा आदर्श (15), अंजली (13), पत्नी अनीता (35) सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रहे। प्रभारी थानाध्यक्ष जिबराइल अहमद ने कहा कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।