राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में पंडाल खचाखच भरा रहा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आने के पहले ही भीड़ में उत्साह रहा। गांधी परिवार पर हमला बोलने के दौरान भीड़ ने उत्साह दिखाया। खास बात यह रही कि भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के नामांकन में शामिल न होने वाली सदर विधायक आदिति सिंह, सरेनी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह सभा स्थल पर मौजूद रहे। पर मनोज पांडेय इस रैली में नहीं रहे।
जनसभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मनोज पांडेय के गोरा बाजार पीएसी के निकट स्थित आवास पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक गृहमंत्री ने मनोज पांडेय और उनके परिवार के साथ मुलाकात की। बताया जाता है कि गृहमंत्री ने खाना भी खाया। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक मनोज कुमार पांडेय पूरी तरह से भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह और विधायक मनोज पांडेय के बीच बातचीत के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। मनोज पांडेय भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के नामांकन में नहीं शामिल हुए थे और न ही आज अमित शाह की जनसभा में पहुंचे।