लखनऊ। कल्पना कीजिए कि आप समुद्र हैं। दूर तक फैले, विशालकाय, ऊंची लहरें, असीम गहराई, जीवों से भरे हुए। अपने परिजनों, दोस्तों या फिर किसी को भी पत्र लिखकर बताएं कि उन्हें आपकी अच्छी देखभाल क्यों और कैसे करनी चाहिए...। ऐसा कर उत्कृष्ट लेखन व विचारों पर 50,000 रुपये तक पुरस्कार जीत सकते हैं।
ऐसा संभव होगा यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन की अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के जरिये। डाक विभाग, सेना डाक सेवा सहित विभाग के 23 डाक सर्किलों के जरिये होने वाली इस प्रतियोगिमा में नौ से 15 वर्ष तक की उम्र के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा मस्तिष्कों को लेखन के प्रति प्रोत्साहित करना है।
इसका आयोजन पोस्टमास्टर जनरल द्वारा आगरा, प्रयागराज, मुख्यालय लखनऊ, बरेली, गोरखपुर, वाराणसी परिक्षेत्र और गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर डिवीजन द्वारा मुख्यालयों में होगा। स्कूल स्वतंत्र रूप से अपने परिसरों में भी प्रतियोगिता करा सकते हैं। फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख पांच मार्च है। परीक्षा नौ मार्च को होगी। प्रविष्टियों का मूल्यांकन क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर होगा। सर्वश्रेष्ठ पांच प्रविष्टियों को मूल्यांकन के लिए मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय भेजा जाएगा।
परिमंडल स्तर पर शीर्ष तीन प्रविष्टियों को राष्ट्रीय स्तर पर विजेता के लिए निदेशालय भेजा जाएगा। प्रतिभागी पत्र अंग्रेजी, हिंदी या संविधान की आठवीं अनुसूची में सूचीबद्ध किसी भी भाषा में लिख सकते हैं। क्षेत्र से संबंधित पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में दो प्रतियों में आवेदन करना होगा। राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टि को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए आधिकारिक भारतीय प्रविष्टि के लिए चुना जाएगा। अधिक जानकारी के लिए स्थानीय डाक विभाग के सर्किल, पोस्टमास्टर जनरल व मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय एवं वेबसाइट www.indiapost.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रमाणपत्र व इतना मिलेगा पुरस्कार
पुरस्कार धनराशि
परिमंडल स्तर पर
पहला पुरस्कार 25000 रुपये
दूसरा पुरस्कार 10000 रुपये
तीसरा पुरस्कार 5000 रुपये
राष्ट्रीय स्तर पर
पहला पुरस्कार 50000 रुपये
दूसरा पुरस्कार 25000 रुपये
तीसरा पुरस्कार 10000 रुपये