मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का विस्तार अब बलिया तक किया जाएगा। इसको लेकर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने कवायद शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान में इस पर करीब तीन से चार हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लखनऊ के चांद सराय से गाजीपुर के हल्दिया तक 340 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यूपीडा ने अगस्त 2020 तक मुख्य सड़क पर यातायात शुरू करने का लक्ष्य रखा है। मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय दो जून को निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बीते दिनों समीक्षा कर बलिया तक विस्तार करने के निर्देश दिए थे। यूपीडा के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विस्तार में करीब 60 से 80 किलोमीटर 4 लेन एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। भविष्य में यह 6 लेन तक हो सकेगा।