राजधानीवासियों को अगले एक पखवारे महंगी दाल खानी पड़ेगी। थोक मंडी में दालों के दाम गिरने से डिमांड घटी तो विदेशी दालों की आवक थम गई। इसके चलते मंगलवार को अरहर दाल 20 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई।
थोक मंडी में जो दाल अब तक 85 से 93 रुपये किलो बिक रही थी, उसकी कीमत 105 से 110 रुपये प्रति किलो तक हो गई है। खुदरा बाजार में मंगलवार को अरहर दाल 110 से 115 रुपये में बिकी।
दाल एवं राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को अरहर दाल पुखराज 110 रुपये, सूरजमुखी 107, ओनली फॉर यू 105 रुपये किलो बिकी। चना दाल 88-90 रुपये से बढ़कर 100 से 102 रुपये किलो बिकी। वहीं 75 रुपये में बिक रहा चना 87 से 88 रुपये किलो हो गया है।