चौक के कारोबारियों ने गुरुवार को बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण करने की मांग को लेकर चौक गेट पर धरना दिया और प्रदर्शन किया।
उन्होंने कुछ समय के लिए सड़क भी जाम की।
कारोबारियों का कहना कि वह सालाना करोड़ों रुपये का टैक्स चुकाते हैं लेकिन एलडीए ने बहुमंजिला पार्किंग की सुविधा से उन्हें बेदखल कर दिया।
चौक सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने बताया कि चौक के कारोबारी सालाना सरकारी खजाने में पांच करोड़ रुपये का राजस्व जमा करते हैं फिर भी उनको बहुमंजिला पार्किंग से वंचित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 15 सौ से अधिक कारोबारी वाणिज्य कर, कॉमर्शियल हाउस टैक्स एवं जल कर के रूप में सालाना 10 से 50 हजार रुपये का राजस्व जमा करते हैं।
इसके बाद भी चौक आने वाले ग्राहकों को वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं मिल रही है।
इस मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन देकर चेतावनी दी कि ज्योतिबा फुले पार्क की खाली जमीन में बहुमंजिली पार्किंग का निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो एलडीए के उपाध्यक्ष का घेराव कर बेमियादी प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चौक का बाजार विश्व में मशहूर है लेकिन, तमाम ग्राहक यहां पर पार्किंग न होने के कारण आने से कतराते हैं।