मसौली (बाराबंकी)। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को सीएचसी बड़ागांव में सुबह दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर मांगें पूरी करने के लिए शासन को चेतावनी दी। कहा कि यदि मांगें 16 दिसंबर तक नहीं पूरी हुईं तो प्रदेश भर में आंदोलन किया जायेगा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. इंदल वर्मा की अगुवाई में दो घंटे के कार्य बहिष्कार के दौरान कहा कि प्रदेश भर में फार्मासिस्ट के रिक्त पद हैं। जिसे तत्काल भरा जाए ताकि बेरोजगार फार्मासिस्ट को रोजगार मिल सके। हेल्थ और वैलनेस सेंटर पर नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की जा रही है। इस पद पर कम से कम डिप्लोमा फार्मेसी की योग्यता होनी चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र में भी मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट का प्रारंभिक ग्रेड 2800 से बढ़ाकर 4600 किया जाए तथा फार्मासिस्ट को फार्मासिस्ट अधिकारी का पद नाम दिया जाय। इन मांगों पर त्वरित विचार नहीं किया तो पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। फार्मासिस्ट के आंदोलन की वजह से मरीजों को दवाएं नहीं मिल सकी। इस मौके पर कपिल देव, डॉ. अशोक, डॉ. आर पी सिंह, डॉ. एससी त्रिपाठी, डॉ. मनोज राही, डॉ. सुशील समेत फार्मासिस्ट मौजूद रहे। (संवाद)