लखनऊ। पाकिस्तान के समर्थन में आए तुर्किये के विरोध में बृहस्पतिवार को मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तुर्किये के राष्ट्रपति तैयब एर्दोगान के पोस्टर फूंके। इस दौरान केंद्र सरकार से तुर्किये से कारोबार बंद करने की मांग की गई।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष के दौरान तुर्किये के राष्ट्रपति तैयब एर्दोगान की ओर से पाकिस्तान का समर्थन करने के विरोध में मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन किया। हुसैनाबाद स्थित छोटे इमामबाड़ा के बाहर प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी ने कहा कि जब पिछले वर्ष तुर्किये में भूकंप आया था तो भारत वहां के लोगों को सहायता देने वाला पहला देश था। हम तुर्किये के लोगों को बचाने के लिए इंतजाम करते हैं और तुर्किये की सरकार भारतीयों को मारने के लिए पाकिस्तान को ड्रोन देता है, यह दुख की बात है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के सामने तुर्किये का चेहरा बेनकाब हो गया है। वह आतंकवादियों को पालने वालों का समर्थन कर रहा है। प्रदर्शन में मुख्य रूप से मौलाना मुस्तफा अली खान, मौलाना अफजल अब्बास, मौलाना मोहम्मद रजा इलिया, मौलाना मिर्जा वाहिद हुसैन आदि मौजूद रहे।