लखनऊ। उत्तर प्रदेश टेंट कैटर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने शुक्रवार को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन व्यावसायिक गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों और टेंट कारोबार पर लगाए गए 18 फीसदी जीएसटी के विरोध में था।
विज्ञापन
राजधानी में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कैसरबाग बारादरी से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। विजय कुमार ने सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञानचंद गुप्ता को ज्ञापन भी सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश के लगभग 58 जिलों में भी जिलाधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में व्यावसायिक सिलिंडर के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने, टेंट कारोबार पर 18 फीसदी जीएसटी में राहत देने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, गोरखपुर सहित कई जिलों के व्यापारियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।