निवेशकों को ठगने वाली रियल एस्टेट कंपनी की 90 लाख की संपत्ति जब्त
लखनऊ। निवेशकों को ठगने वाली रियल एस्टेट कंपनी आर संस इंफ्रालैंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की 90.42 लाख रुपये की संपत्ति को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जब्त किया है। यह कार्रवाई राजधानी के मोहनलालगंज के रहमतनगर स्थित कंपनी की 0.082 हेक्टेयर कृषि भूमि पर हुई है।
बता दें कि रियल एस्टेट कंपनी के खिलाफ निवेशकों ने 100 से ज्यादा एफआईआर दर्ज कराई थीं। इसमें कंपनी के निदेशकों में शामिल आशीष श्रीवास्तव, अंकुर श्रीवास्तव व अन्य को नामजद किया था। ईडी ने पुलिस में दर्ज मुकदमों के आधार पर कंपनी के खिलाफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसमें सामने आया कि कंपनी ने रियल एस्टेट और अन्य आकर्षक योजनाओं में निवेश का लालच देकर लोगों से 10 करोड़ रुपये जुटाए थे। बाद में कोई रियल एस्टेट परियोजना नहीं बनाई और निवेशकों का पैसा वापस नहीं किया। निवेशकों से जुटाई गई रकम को कंपनी के कई बैंक खातों में जमा किया गया। कंपनी ने निवेशकों की गाढ़ी कमाई से तमाम संपत्तियां खरीदी थीं। जिन्हें बाद में जांच एजेंसियों की नजरों से बचाने के लिए ट्रांसफर भी किया गया।