लखनऊ। मानकनगर के मेहंदी खेड़ा में परचून दुकानदार वीरू यादव (44) की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि है कि छह पन्ने का सुसाइड नोट मिलने के बाद भी पुलिस जांच के नाम पर टालमटोल कर रही है।
विज्ञापन
उधर, वीरू की मौत के बाद उनकी बेटी दीपाली की बुधवार को तबीयत बिगड़ गई। परिजन दीपाली को अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। सुसाइड नोट में मानकनगर थाने के बीट इंचार्ज पर गंभीर आरोप हैं। यही वजह है कि पुलिस एफआईआर दर्ज करने से कतरा रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वीरू ने जिन पड़ोसियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए थे, उनसे अभी तक पुलिस ने पूछताछ तक नहीं की है।
परचून दुकानदार
वीरू यादव ने सोमवार रात में जहरीला पदार्थ खा लिया था। मंगलवार तड़के इलाज के दौरान मौत उनकी हो गई थी। वीरू ने छह पन्ने के सुसाइड नोट में पड़ोसियों के अलावा मानकनगर थाने के बीट इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एसीपी कैंट अभय मल्ल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विसरा सुरक्षित रखा गया है। परिजनों ने सुसाइड नोट पुलिस को नहीं दिया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।