कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से नवनिर्वाचित प्रधानों, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्यों को चिट्ठी भेजी जा रही है। इसमें जीते प्रतिनिधियों को बधाई के साथ ही उनसे कोरोना महामारी में सहयोग की अपील की गई है। इसके अलावा प्रियंका की ओर से भेजी दवाइयों की किट भी ग्रामीणों के बीच वितरित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। राजनीतिक विश्लेषक इन कामों को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ कर देख रहे हैं।
पार्टी की यूपी प्रभारी बनने के बाद से ही प्रियंका किसी न किसी मुद्दे को लेकर लगातार चर्चा में हैं। अब वे पंचायत चुनावों में जीते प्रतिनिधियों से पत्र के जरिए संवाद कर रहीं हैं। प्रियंका ने पत्र में लिखा है कि यह स्पष्ट हो चुका है कि सरकार की चिंता लोगों की जिंदगी बचाने में नहीं बल्कि अपने नेता की छवि बचाने में हैं। दुर्भाग्य की बात है कि सबसे बड़े वैक्सीन निर्माता देश होने के बावजूद यहां वैक्सीन की कमी है। इंसानियत का तकाजा है कि राजनीतिक मतभेद से उठकर हम सबकी मदद करें।
सेवा सत्याग्रह चलाकर बांटी जा रहीं दवाइयां
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में कांग्रेस ने सेवा सत्याग्रह शुरू किया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से यूपी में 10 लाख दवाओं की किट भेजी गईं हैं। पहली खेप विभिन्न जिलों के लिए रवाना भी कर दी गई है। होम आइसोलेशन कोरोना उपचार किट में छह दवाओं के पत्ते हैं और प्रत्येक के इस्तेमाल करने के निर्देश लिखे हैं। कांग्रेस अपने ब्लॉक अध्यक्षों के जरिये चिकित्सकों के सलाह पर यह किट वितरित कर रही है। सैनिटाइजर की 18 हजार लीटर की पहली खेप भी लखनऊ पहुंच चुकी है।