प्रियंका की राजनीति का केंद्र कौल हाउस बना हुआ है। वे दूसरे दिन भी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नहीं गईं। कौल हाउस में ही उन्होंने कई सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस के जनाधार को बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने संबंधी संगठनों के सुझाव सुने। साथ ही उनके मुद्दों को हर मंच पर प्रमुखता से उठाने का भरोसा भी दिया।
जोनवार निकाली जाएंगी प्रतिज्ञा यात्रा
कांग्रेस अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से जोनवार प्रतिज्ञा यात्रा निकालेगी। रूट के साथ ही नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। सूत्रों के मुताबिक, तय हुआ कि जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखकर ही न सिर्फ टिकट तय होंगे, बल्कि सांगठनिक कामकाज और बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी देने में भी इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।
प्रियंका के साथ कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी रणनीति बनाई गई। चुनावी अभियान के पहले चरण में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वार रूम बनाने का काम सप्ताह भर में पूरा करने का फैसला किया गया। इसके लिए सोशल मीडिया की हैंडलिंग में दक्ष कार्यकर्ता लगाए जाएंगे। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में जोनवार प्रतिज्ञा यात्रा शुरू होगी। इससे पहले प्रत्येक ग्राम में पार्टी कमेटी का गठन करना अनिवार्य होगा।