प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 जुलाई को लखनऊ आ रहे हैं। वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में स्मार्ट सिटी, अमृत और प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमवाई) में बेहतर काम करने वालों को पुरस्कृत करेंगे। इस कार्यक्रम में देशभर के 600 लोग शामिल होंगे।
पहले यह कार्यक्रम जयपुर में प्रस्तावित था। इसके अलावा पीएम मोदी इन्वेस्टर्स समिट में किए गए एमओयू से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी कर सकते हैं।
शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय को पत्र भेज कर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी दी है। पत्र के मुताबिक प्रधानमंत्री 29 जुलाई को देश भर के मेयर, नगर आयुक्त व अधिशासी अधिकारियों के साथ 600 लोगों को संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम की तैयारियों के लिए स्मार्ट सिटी के मिशन निदेशक ने शनिवार को राजधानी में मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह के साथ बैठक की।
निदेशक ने प्रमुख सचिव नगर विकास के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल इंदिरा प्रतिष्ठान का दौरा भी किया। उन्होंने प्रदेश में स्मार्ट सिटी, अमृत और प्रधानमंत्री आवास योजना में हुए कामों की समीक्षा भी की।