टमाटर के भाव में दो दिनों से जबरदस्त तेजी आई है। रविवार तक 30 रुपये किलो में मिलने वाला टमाटर मंगलवार और बुधवार को फुटकर में 40-50 रुपये किलो तक बिका। फुटकर सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि आवक कम होने से दाम चढ़े हैं।
दुबग्गा सब्जी मंडी में आढ़ती लाला यादव ने कहा कि शनिवार और रविवार को माल ज्यादा आने से उत्पादकों ने गाड़ियां रोक ली। दो दिन बाद गाड़ियां आईं तो टमाटर खत्म हो चुका था। आवक कम होने से मंगलवार को थोक में टमाटर 35-40 रुपये में बिका।
कल्याणपुर मंडी से सब्जी लाने वाले विजय अग्रवाल ने कहा कि दाम 40 से 50 रुपये रहे। भूतनाथ मंडी के अब्दुल राईनी, सिंकदरबाग में सब्जी लगाने वाले ने बताया कि मंगलवार को टमाटर 50 रुपये में बिका।
राजाजीपुरम के सब्जी विक्रेता दिलीप ने कहा कि मंडी में टमाटर 25-30 रुपये बिक रहा था, मंगलवार से दाम 40-50 रुपये हो गए।