लखनऊ। राजधानी के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अल्ट्रासाउंड के लिए ई वाउचर लेने पहुंचीं गर्भवती महिलाओं को बृहस्पतिवार को निराशा हाथ लगी। ई वाउचर जनरेट करने में तकनीकी दिक्कत बाधा बनी रही। अफसरों का कहना है जो भी गर्भवती महिलाओं का नाम और फोन नंबर ले लिया गया है। उन्हें हफ्ते भर बाद ई वाउचर दे दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत निजी केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं का मुफ्त अल्ट्रासाउंड जांच कराता है। जिले में करीब 85 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के साथ विभाग ने करार कर रखा है। सीएचसी में जहां सुविधा नहीं है, उनमें ई वाउचर देकर जांच कराई जाती है। अभियान के दौरान माह की एक, नौ, 16 व 24 तारीख को वीएचएनडी सत्र का आयोजन होता है।
इसमें चिकित्सक की सलाह पर गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड कराने का परामर्श दिया जाता है। इसके लिए महिला को ई वाउचर दिया जाता है। इससे वह चिह्नित अल्ट्रासाउंड केंद्र में निशुल्क जांच करा सकती है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, ई वाउचर 16 जनवरी को दिए जाएंगे। स्टेट से ई वाउचर जनरेट करने में दिक्कत हुई थी। इसके लिए सभी प्रभारियों को मैसेज भेजा गया था।